चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने पद्म पुरस्कारों (पद्म विभूषण, पद्म भूषण व पद्मश्री) जो कि 26 जनवरी, 2019 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित किए जाने वाले सर्वोच्च नागरिक सम्मान हैं, के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं ।
एक सरकारी प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य सचिव द्वारा राज्य के सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, मंडलायुक्त तथा सभी उपायुक्तों को भेजे गए एक पत्र में कहा गया है कि ये नामांकन 10 अगस्त, 2018 तक निर्धारित प्रपत्र पर राज्य सरकार को भेजे जाने चाहिए ताकि राज्य सरकार की समिति केन्द्र को भेजने से पहले उनकी सिफारिशों या नामांकनों की पहचान कर सके, उन पर विचार कर सके और उन्हें अंतिम रूप दे सके।
उन्होंने बताया कि इस प्रपत्र में संबंधित व्यक्ति का पूरा नाम, पता, जन्म तिथि, उस व्यक्ति के जीवन की प्रमुख घटनाओं व उसके वर्तमान व्यवसाय या पद का विवरण हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होना चाहिए। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त सिफारिशों पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोडक़र, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले कर्मचारियों समेत सरकारी कर्मचारी पदम पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं होंगे।
उन्होंने बताया कि पद्म पुरस्कार नामत: पद्म विभूषण, पद्म भूषण व पद्मश्री देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार हैं। ये पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामलों, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग जैसे सभी क्षेत्रों या संकायों में प्रतिष्ठित और असाधारण उपलब्धियों या सेवा के लिए दिये जाते हैं।
उन्होंने बताया कि इन पुरस्कारों के लिए व्यक्तियों का चयन करते समय सर्वोच्च मानकों को कायम रखा जाता है। यह सुनिश्चित किया जाता है कि पुरस्कारों के लिए योग्य व्यक्ति इसकी प्रक्रिया से न छूटे और पुरस्कारों के लिए चयनित व्यक्तियों की उपलब्धियों में सार्वजनिक सेवा का भाव होना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस तरह की सिफारिश करते समय व्यक्ति की जीवन भर की उपलब्धियों पर विचार किया जाता है।
पदम पुरस्कार हमारे देश का दूसरा सबसे बड़ा पुरस्कार है। इसलिए किसी भी व्यक्ति के नाम की सिफारिश करने से पहले इस बात पर विचार करना आवश्यक है कि उसने अपने संबंधित कार्य क्षेत्र में कोई राष्टï्रीय पुरस्कार या कम से कम राज्य पुरस्कार प्राप्त किया हो। पुरस्कार के लिए समाज के कमजोर वर्गों जैसे – अनुसूचित जाति एवं जनजातियों, दिव्यांगों, महिलाओं आदि में से प्रतिभावान व्यक्तियों की पहचान करने के विशेष प्रयास किए जाने चाहिए।
राज्य सरकार द्वारा केन्द्रीय गृह मंत्रालय को पदम पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन एवं सिफारिशें भेजने की अंतिम तिथि 15 सितम्बर, 2018 है। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन मोड में केवल www.padmaawards.gov.in प र भेजे गए नामांकनों/सिफारिशों पर ही विचार किया जाएगा।