चण्डीगढ़ : हरियाणा सरकार द्वारा ब्रह्मसरोवर के सौंदर्यकरण और विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण पर 38 करोड़ 31 लाख रुपये तथा ण ज्योतिसर के सौंदर्यकर पर 32 करोड़ 33 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पांचों स्थलों जिनमें ब्रह्मसरोवर, ज्योतिसर, नरकातारी, सन्निहित सरोवर और शहर के सौंदर्यकरण का कार्य किया जाएगा।
पर्यटन विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा स्वदेश दर्शन स्कीम के तहत श्रीकृष्णा सर्किट कुरुक्षेत्र के लिए 97.34 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है जिसमें से लगभग 32 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पांचों स्थलों जिनमें ब्रह्मसरोवर, ज्योतिसर, नरकातारी, सन्निहित सरोवर और शहर के सौंदर्यकरण का कार्य किया जाना है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत ब्रह्मसरोवर के नंदा स्मारक के पास 1 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि से बहु वैकल्पिक पर्यटन सूचना केन्द्र तथा 1 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि से ब्रह्मसरोवर के दक्षिण में पार्किंग स्थल का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा, 5 करोड़ की राशि से ब्रह्मसरोवर की परिक्रमा व मुख्य द्वारों पर लाइटिंग, 5 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि से ब्रहमसरोवर की परिक्रमा पर 7 व पार्किंग स्थल पर 4 शौचालय बनाने तथा 4 करोड़ 25 लाख की राशि से ब्रह्मसरोवर के सातों प्रवेश द्वारों और फर्श निर्माण का कार्य जारी है।
इसी प्रकार, ब्रह्मसरोवर पर 1 करोड़ रुपये की लागत से महिला घाटों के निर्माण और परिक्रमा पर 2 करोड़ 10 लाख की राशि से मुराल पेंटिंग का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि ब्रह्मसरोवर पर 16 करोड़ रुपए की लागत से मल्टी मीडिया लेजर शो का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य को मुकम्मल करने की जिम्मेवारी आईटीडीसी को सौंपी गई है। ब्रह्मसरोवर सत्कार भोजनालय के निकट श्रीकृष्णा सर्किट के तहत 50 लाख रुपये की लागत से चक्रव्यूह का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ज्योतिसर को सुंदर और भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए 32 करोड़ 33 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा 9 करोड़ की राशि से घाट, प्रवेश द्वार, प्रशासनिक ब्लॉक, कैफेटेरिया और शौचालय बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसी तीर्थ स्थल पर 13 करोड़ की राशि से महाभारत थीम पर आधारित भवन का निर्माण भी शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी योजना के अंतर्गत सन्निहित सरोवर का सौंदर्यकरण करने के उद्देश्य से इसके जीर्णोद्धार के कार्य पर 5 करोड़ 45 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। विभाग द्वारा सन्निहित सरोवर पर घाट, पर्यटन सूचना केन्द्र, चारदिवारी, पार्किंग और फुटपाथ बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस सरोवर के चारों तरफ लाइटिंग व शैड का कार्य भी किया जा रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत ही शहर में सडक़ों, स्वच्छता और सौंदर्यकरण पर 4 करोड़ 91 लाख रुपए की राशि खर्च की जानी है। यह कार्य पंचायती राज संस्था की तरफ से किया जाएगा। इतना ही नहीं, नरकातारी में भी सौंदर्यकरण करने के कार्य को शीघ्र किया जाएगा। इस तीर्थ स्थल पर भी शौचालय, चारदीवारी, पार्किंग, शॉपिंग एरिया, विष्णु शहस्त्रनाम का कार्य किया जाएगा। इस प्रोजैक्ट के लिए सरकार ने 2 करोड़ 12 लाख रुपए का बजट तय किया है। इस तीर्थ का सौंदर्यकरण होने से पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा और गांव में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।