चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि देश, प्रदेश में यदि नेता बेदाग हो तो पार्टी की नैया पार लगाना मुश्किल नहीं होता। उन्होंने संगठन और सत्ता में शामिल जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि यदि वो मिलकर काम करेंगे तो विपक्ष की बोलती बंद हो जाएगी।
हरियाणा निवास परिसर में मंत्री, विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं प्रदेश पदाधिकारियों से सरकार के कामकाज पर फीडबैक लेने के बाद भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सबसे सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में नेता बेदाग छवि बनाते हुए लोकहित के कामों को प्राथमिकता देते हैं, उन्हें जनता निरन्तर अपना आशीर्वाद देती है। उन्होंने कहा कि देश मे पूर्व सरकारों के दौरान जैसा वातावरण और कार्यशैली थी, उसे ठीक करते हुए नया वातावरण तैयार करना कठिन काम था। भाजपा ने अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता और ईमानदारी से निभाते हुए काफी हद तक कामयाबी हासिल की है। लेकिन दशकों से जमी भ्रष्टाचार की जड़ों को समूल उखाड़ने के लिए हमें अभी और मेहनत करने की जरूरत है।
मन्त्रीगण के साथ विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विभिन्न जिलों के प्रभारी मंत्रियों को अपने जिले में हम माह 24 घण्टे का समय बिताने के निर्देश दिए ताकि संबंधित जिला के संबंध में अधिक से अधिक समस्याओं का निराकरण किया जा सके तथा कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान दिलाया जा सके। उन्होंने विधायकों को भी प्रत्येक सप्ताह में एक दिन पार्टी कार्यालय में बैठकर संगठन मजबूत करने तथा उनकी परेशानियों का निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी को निर्देश दिए कि हमें अपने कार्यकर्ता को मजबूत बनाने कब लिए काम करना है। कार्यकर्ता सामाजिक, सामूहिक उत्थान के प्रयास करते हैं तो हमें उन्हें आगे बढ़ाने के लिए काम करें।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि संगठन के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया निरन्तर तेजी से चलाने के लिए अब कमर कसने का वक्त आ गया है। सत्ता के दौरान पार्टी विस्तार होता है, लेकिन हमें संगठन को प्रत्येक बूथ जीतने के मुताबिक तैयार करना है। उन्होंने मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारियों को अपना लक्ष्य तय करने का आह्वान करते हुए कहा कि वो अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे तो हमारा लक्ष्य सरल हो जाएगा। उन्होंने जनता-जनार्दन के मध्य गली-कूचे स्तर तक जाकर वर्तमान केंद्र, प्रदेश की भाजपा की नीतियों के फायदे और पूर्व सरकारों की कार्यशैली के अंतर को उनके बीच रखने पर जोर दिया। अंत्योदय योजनाओं और नौकरी, तबादला समेत व्यवस्था में बड़े बदलाव के दूरगामी फायदों के पीछे भाजपा की लोकहित मंशा दर्शाने के दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, उद्योग मंत्री विपुल गोयल, परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री डॉ बनवारी लाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, रोजगार मंत्री नायाब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन समेत वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।